ऑस्ट्रेलियन सिने -अध्येता और शोधार्थी विलियम वैन डर हेडे ने श्याम बेनेगल के परिचय में लिखा है : “ I had seen many of his earlier films in the previous ten years on the Australian television and was struck by their insistent social message , their emphasis on the plight of women and in a more forthright manner than most other Indian films I had seen and their stylistic and technical assurance.”[i]
श्याम बेनेगल विज्ञापन फिल्म उद्योग में एक दशक तक कार्य करने के बाद फीचर फिल्मों की तरफ मुखातिब हुए थे। ये स्वाभाविक ही था कि उनकी फिल्में दस्तावेज सदृश विश्वसनीय और ठोस हों। श्याम बेनेगल के कार्य की परिस्थितियाँ आजादी के बाद का वह काल था जब उपनिवेशवादी जकड़न से हाल ही में मुक्त देश के रूप में भारत अपना नव – निर्माण कर रहा था। सामंतवादी संरचनाएं भारतीय समाज में जहरीले सांप की तरह गुंजलक लपेटे बैठी थी और इन्हीं गुंजलकों की ऐठनों को कमजोर बनाकर, यदि संभव हो तो तोड़ कर समाज को लोकतांत्रिक और समतामूलक बनाने का विशालकाय कार्य राष्ट्र- निर्माताओं के समक्ष था। देश में नव- निर्माण की पंचवर्षीय योजनाएं थीं और इनके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक विकास, आत्म- निर्भरता के लक्ष्यों को प्राप्त करने की महत्वाकांक्षी कोशिशें। बेशक बेनेगल नेहरूवियन स्वप्न और आदर्शों से प्रेरित थे। ‘भारत एक खोज’ का निर्माण और जवाहर लाल नेहरू पर निर्मित डाक्यूमेंट्री ‘नेहरू’ एक सामान्य उदाहरण है। अपने बाल – काल में प्रभात स्टूडियो और न्यू थियेटर्स[ii] की फिल्मों से संस्कार ग्रहण करने वाले बेनेगल ने आधुनिकता और नव -निर्माण के महान कलाकार सत्यजित राय से भी प्रेरणाएं प्राप्त की थी। यह महज संयोग नहीं कि विश्व सत्यजित राय के बाद श्याम बेनेगल को सार्वकालिक महान भारतीय फिल्मकार के रूप में रेखांकित करता है। हालांकि खूबसूरती यह है कि बेनेगल ने अपने युग के सार्थक और उद्देश्यपूर्ण सिनेमा के लेखकों- निर्देशकों से अलग शैली निर्मित की। जैसा कि हर महान, मौलिक और सृजनशील कलाकार करता है। बेनेगल के कार्यों को ‘मध्य का सिनेमा’ कहा जाता है। उन्होंने अपने दौर के महान यथार्थवादी फ़िल्मकारों मृणाल सेन, ऋत्विक घटक, कुमार शाहनी आदि से अलग शैली निर्मित की। बेनेगल की शैली में सामाजिक- राजनीतिक समस्याओं को ठोस और विश्वसनीयता से चित्रित किया गया लेकिन इनमें अभिव्यक्ति की बॉलीवुड शैली का पूर्णतः नकार नहीँ था। उनकी कथा – प्रस्तुति में गीत- संगीत और कथात्मक ढांचे के प्रयोग का समांतर सिनेमा के कई अध्येताओं और निर्देशकों ने आलोचना की, लेकिन आज देखने पर लगता है कि बेनेगल की शैली की इंकलूसिविटी उन्हें व्यापक दर्शक वर्ग तक ले गयी। उनकी फिल्में केवल शिक्षित -शहरी मध्यवर्ग तक सीमित न रही। वह समाज के अन्य वर्ग तक गयी। उनकी सर्वप्रथम फीचर फिल्म ‘अंकुर’ आर्थिक दृष्टि से भी सफल रही। विलियम वैन डेर हेडे ने श्याम बेनेगल की सिनेमा के लिए एक पदबंध का प्रयोग किया है : ‘cinamatic discovery’[iii] ‘अंकुर’, ‘निशांत’, ‘मंथन’ , ‘भूमिका’ , ‘मेकिंग ऑफ महात्मा’ आदि फिल्में देखते हुए सचमुच बेनेगल के कार्य खोज हैं, एक किस्म का आत्म- मंथन – जिसे भारतीय समाज को करना है। समाज और देश को खुद का एक मूल्यांकन करना है, आत्म- निरीक्षण करना है, और खेद की बात है कि ये कार्य अभी भी शेष हैं।
‘मंथन’ भारत के एक विशिष्ट सिनेमाई उपलब्धि है। निर्माण के क्रम में यह बेनेगल की तीसरी फिल्म है जो 1976 में प्रदर्शित की गयी थी। यह फिल्म भारत में जन – अभियान की तरह है जो को-आपरेटिव उर्फ सामुदायिकता की अवधारणा को प्रस्तुत करती है। यह गुजरात के 5 लाख किसानों के द्वारा निर्मित फिल्म है। अपने आप में अभूतपूर्व। फिल्म घोषित रूप से उन दुग्ध -उत्पादक किसानों के स्वप्न और संघर्ष को, उनकी जिजीविषा और अपने जीवन के हालात को बदलने की दृढ़ इच्छा -शक्ति को प्रस्तुत करती है। नव -निर्माण और सामाजिक बदलाव की प्रक्रियाएं दो महान रूसी उपन्यास की याद दिला जाती है :‘धीरे बहे दोन रे’ (मिखाईल शोलोखोव) और ‘पहला अध्यायक’ ( चंगीज आईतमातोव)। इस फिल्म के निर्माण में साहित्य – संस्कृति और सिनेमा के बेहिसाब क्रिएटिव दिमाग जुड़े हैं : विजय तेंदुलकर (पटकथा), कैफ़ी आजमी(गीत), गोविंद निहलानी,(सिनैमैटोग्राफी), वर्गीज़ कुरियन (भारत में श्वेत क्रांति के जनक, फिल्म के विचार – सृजक), वनराज भाटिया( संगीत)। इनके नाम ही किसी रचना के महत्व को विशाल फलक प्रदान कर देते हैं।
फिल्म की शुरुआत सेमला रेलवे के धूसर और बेहद औसत परिदृश्य से होती है। यहाँ गत शताब्दी के सत्तर के जमाने के भारतीय रेल की गहरे गेरुए रंग की एक ट्रेन के आने से होती है। रेल रुकती है और जन्तु -चिकित्सक डॉ. मनोहर राव अपनी को-ओपेरेटिव के साथियों के साथ उतरते हैं। रेल और डॉ. राव दोनों भारत के अधिकांश रेलवे स्टेशन की अनगढ़ता और सरलता – सहजता के साये में आधुनिक समाज की गतिशीलता और स्वप्न के प्रतिनिधि हैं। डॉ.राव एक संवेदनशील व्यक्ति हैं और वे घोड़े को बेहद कमजोर और उसके पीठ पर लदे भीमकाय बोझा देखकर पैदल ही सांगवना गाँव की यात्रा करते हैं और इस क्रम में गाँव वालों से मिल कर उनके हालात और स्थिति को समझते हैं। शीघ्र ही उनका सामना गंगानाथ डेयरी के कर्ता -धर्ता जी. पी. मिश्रा से होता है जिनका दावा है कि : “I have built the economy of this area”.[iv] मिश्रा जी का कहना है कि वे 30 बरस से इस इलाके में रह रहे हैं और सभी गाँव वाले उनके ग्राहक हैं। सभी दुग्ध उत्पादक किसान उन्हें ही दुग्ध बेचते हैं, उनके मनमाफिक दाम पर। साथ ही बहुत से किसानों ने उनसे ऋण ले रखा है। डॉ.राव के को- आपरेटिव की स्थापना में निरक्षरता और अंधविश्वास के अतिरिक्त दूसरे मुख्य बाधा सरपंच जी हैं जो 15 सालों से सरपंच हैं और जिनका कहना है कि “मेरे कहणे पे ही यहाँ सोसाइटी बन री है”[v]। वे साफ कहते हैं कि उनके पास 25 गाय – भैंस है तो सोसाइटी में उनका ही दबदबा होना चाहिए। इस सरपंच के बारे में गाँव में अपने बच्चे के साथ अकेली रह रही बिन्दु कहती है : “सरपंच खोट्टा माणस है”। लोकतंत्र , समानता और वंचित वर्ग के सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्ध डॉ. राव की दो-टूक राय है : “सरपंच जी! सोसाइटी में अमीर – गरीब , ऊंच -नीच का फर्क नहीं होता। सब जाति के लोग मेम्बर बन सकते हैं और सबके बराबर के अधिकार हैं”।[vi] डॉ. वर्मा बहुत मुश्किल रास्ते का चुनाव कर चुके हैं और उनका जोर दलितों के मुख्य रूप से शामिल होने और दलितों में नेतृत्व विकसित करने पर है। इसके लिए बिन्दु और भोला के रूप में उनके पास दो चरित्र हैं। अपनी ही साथियों के बीच डॉ. राव दलितों के सशक्तिकरण को लेकर अलग – थलग हैं लेकिन उनका नेतृत्व सबको स्वीकार्य है। वे किसानों के समक्ष खेड़ा जिले के दुग्ध- उत्पादक किसानों के को- आपरेटिव संघ के कार्यों , प्रयासों और सफलता को ‘क्वाइट रेवलूशन’[vii] का डाक्यूमेंटरी फिल्म दिखाकर एक नई दुनिया खोलते हैं जहां किसान आत्म-निर्भर और सम्पन्न हैं। को- आपरेटिव के विचार को जमीनी शक्ल देने के रास्ते में शताब्दियों की गरीबी और किसानों की ऋणग्रस्तता और जातिवाद प्रमुख रुकावटें हैं। डॉ. वर्मा के आगमन से पहले गाँव और गांव वालों पर एकछत्र सामाजिक-आर्थिक और राजनीतिक शासन करने वाले मिश्रा और सरपंच को- आपरेटिव को तोड़ने का भरपूर प्रयास करते हैं। आम किसान की सभाओं पर पत्थरबाजी से लेकर हरिजनों की बस्तियों के सामूहिक दहन तक … लेकिन अंततः भोला और बिन्दु के रूप में दलितों का नेतृत्व तैयार हो ही जाता है जिन्होंने अपने अधिकार और सामुदायिकता के ताकत को समझ लिया है। डॉ. वर्मा और उनकी टीम के गाँव छोड़ देने के बाद भोला को- आपरेटिव की जिम्मेदारी ले लेता है। दलित समाज के भीतर से एक नेतृत्व प्रस्फुटित होता है।
फिल्म की कहानी सुन्दर रूपक की तरह है जिसमें बिन्दु, भोला, सरपंच और मिश्रा प्रमुख पात्र हैं। इनके चरित्र का गठन इतना वास्तविक और जीवंत हैं कि ये किसी आंचलिक उपन्यास के पात्रों की तरह प्रतीत होते हैं। फणीश्वर नाथ रेणु के ‘मैला आँचल’ के प्रशांत की तरह डॉ. वर्मा शहरी चेतना और आधुनिक शिक्षा से लैस होकर एक ग्रामीण अंचल में प्रवेश करते हैं। भोला एक गुस्सैल व्यक्ति है जो शहरी लोगों से घृणा करता है। उसका मानना है कि शहरी लोग चोर लुटेरे होते हैं। लेकिन निर्देशक- लेखक ने इसी पात्र के सहारे दलित महिलाओं के यौन शोषण को, मिश्रा और सरपंच के एकाधिकारवाद और वर्चस्व का कच्चा – चिट्ठा खोला है। श्याम बेनेगल के शब्दों में – “this involves both the gaining of self esteem and developing the ability to do things for themselves , which was taken away from them over a log period of time.[viii] सिने अध्येता अर्जुन सेनगुप्ता ने भोला के चरित्र की संभावनाओं के विषय में लिखा है : “the narrative of progress is centred on Bhola.his illegitimacy and low caste make him the focal centre of the clash between the old and the new as well as the city and the village. His bitterness and anger are reflective of pent up frustration and rage. His status as inferior and illegitimate makes him cynical and volatile.”[ix] बिन्दु एक ऐसी मध्यवय स्त्री है जिसका पति चार महीने से गायब है। उसका रुका हुआ व्यक्तित्व डॉ.वर्मा के सानिध्य में एक बार फिर खुलना और प्रेम करना चाहता है किन्तु तब तक उसके पति के रूप में एक सामाजिक सत्ता उसे दबा और झुका देती है. परंपरागत ग्राम समाज में स्त्रियों की स्थिति का वास्तविक रूपक है बिन्दु। फिल्म का अत्यंत कर्णप्रिय गीत ‘महरा गाँव काठा पारे, जहां दूध की नदिया बाहे’ कथानक के बीच संतुलन और संबंध को स्थापित करता है। यह एक लोकगीत है जिसे कैफ़ी आजमी साहब ने कथानक के अनुसार तब्दील किया है। यह गीत बिन्दु के रूप में एक स्त्री की यात्रा और आवाहन है। एक अल्हड़ और उतार चढ़ाव से भरी नदी की रवानगी है।फिल्म के शेष कलाकारों का चयन और उनके अभिनय की अमर्त्यता अब कला के इतिहास की निधि है। बिन्दु के रूप में स्मिता पाटील का कायांतरण भारतीय दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप है। स्मिता पाटील पूरी तरह बिन्दु बन जाती है। पूर्ण मैनरीज़म के साथ। बिन्दु के चेहरे का एक दलित, गरीब और ग्रामीण स्त्री के रूप में ।। और मेक अप , बदरंग पुरानी हो चुकी साड़ी और ‘हलो ! हलो हलो!!’ संवाद अदायगी भारतीय सिनेमा के सबसे सुन्दर और आकर्षक कार्यों में है, जो फिल्म विधा की सृजनशीलता का एक पर्याय बन जाता है.संवादों की अदायगी या बच्चा कमर पर लेकर चलने की शैली, या दूध दूहने और लोटा लेकर चलने और दुग्ध के दाम के लिए बहस करने की अदा… बिन्दु की शक्ल में स्मिता हमेशा जीवित रहेगी। गिरीश कर्नाड ,नसीरुद्दीन शाह , कुलभूषण खरबन्दा , अमरीश पुरी के अभिनय के विषय में कुछ कहने की आवश्यकता नहीं। वे अभिनय के विद्यालय हैं । निर्देशक बेनेगल के कथा-सम्प्रेषण के सशक्त शस्त्र।
‘मंथन’ का अंग्रेजी अर्थ दिया गया है : The Churning. उर्फ आलोड़न। भारतीय मिथक में समुद्र मंथन की खासी महत्ता है। इसका अर्थ चिंतन – मनन भी है। यह फिल्म इन दोनों अर्थों को पूर्ण करता है। आजादी के बाद भारतीय गाँव और शहरों का आधुनिकीकरण और समाज का नव- निर्माण वास्तव में एक आलोड़न है.. एक व्यापक हलचल। ठहरे हुए पानी में एक हलचल। इस हलचल को आत्मसात करने के लिए ये जरूरी है कि सन सत्तर के दौर के साथ empathy वाला रिश्ता बनाया जाए, जब सामंती विशेषाधिकारों को ढहाने का प्रयास जोरों पर था और जातिगत राजनीति में व्यापक परिवर्तन की न्यायमूलक संभावना देखी जा रही थी। . . . और आर्थिक न्याय के स्वप्न। आज 2026 की नजर से शायद फिल्म और इसकी निर्माण और परिवर्तन की चेतना जल्दी हृदयंगम न हो सकेगा।
फिल्म कला की दृष्टि से यह फिल्म एक कला-विद्यालय है जहां सिनेमा – निर्माण का हर अवयव -कथा, पटकथा, चरित्रांकन, द्वन्द्व, गीत – संगीत पूर्ण परस्पर-संबद्धता और संतुलन के साथ उपस्थित है। गोविंद निहलानी की सिनेमैटोग्राफी इतनी सहज और वास्तविक है कि फिल्म का एक -एक फ्रेम सुन्दर परिदृश्य उपस्थित करता है। आरंभ में ही स्टेशन पर रेल धीरे – धीरे प्रवेश करती है। धीरे – धीरे रुक रही रेल के डिब्बों पर एक बड़े और सघन पेड़ की छाया पड़ती है। रेल के चलते हुए डिब्बों पर छाया ठहर – सी गयी है या कहें. . . छप गयी है। फिर रेल का रुकना, और फिर प्रस्थान करना एक अविस्मरणीय दृश्य-बंध है। आसमान के चौड़े परिदृश्य में रेलवे का इंजन धुआँ छोड़ता हुआ धीरे – धीरे सरकता है। कैमरा इंजन और उसके पीछे आने वाले डिब्बों के ऊपरी हिस्सों पर केंद्रित है मानो रेल के चेहरे और व्यक्तित्व को गढ़ा जा रहा हो। दृश्य में धूसर आसमान का एक हिस्सा और उसके साथ काफी करीबी रिश्ता बना कर चल रही रेल। आसमान और रेल का एक अद्भुत संगम! रेल यहाँ से प्रस्थान कर रही है पर काफी कुछ यहीं पर छोड़ कर : व्यापक गतिशीलता के बाद ठहर -सा गया स्टेशन, कुछ चुप्पी और कुछ हलचलें। भारतीय सिनेमा में स्टेशन पर रेल के आने , ठहरने और प्रस्थान करने की दृश्य – शृंखला सबसे अलग है। सबसे अलग प्रभाव उत्पन्न करने वाली। गोविंद निहलानी का ये जादू पूरी फिल्म में है। इस दृश्य के साथ गुजरात की एक लोकगीत की धुन पर ‘महरा गाँव काँठा पारे’ गीत का चलाया जाना एक बेमिसाल सिनेमाई अनुभव है। दिल और दिमाग और शरीर को रोमांच से हर देने वाली अनुभूति। एक निर्देशक रूप में श्याम बेनेगल विजय तेंडुलकर की पटकथा को फॉलो का रहे हैं। सहजता, अकृतिमता और कलाकारों का यथार्थ और संवेदनशीलता से समन्वित अभिनय मिलकर एक कथा को प्रस्तुत करती है जो आँखों को अपने में समा लेती है, हृदय को गुदगुदाती है और मस्तिष्क को सक्रिय कर देती है। दर्शक एक स्वप्न के साकार होने की संभावना देखते जाते हैं। यह भारत की ऐसी फिल्म है जिसे संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम ( UNDP) ने अफ्रीका, लैटिन अमेरिका , संयुक्त राज्य अमेरिका आदि महादेशों में प्रदर्शित किया। इसका मुख्य उद्देश्य वहाँ के किसानों के मध्य सहकारिता की भावना प्रोत्साहित करना था। कई देशों के नीति- निर्माण में इस फिल्म की भूमिका रही।
आज की पूंजी के केन्द्रीकरण की क्रूरता के उदासी भरे वक़्त में जब छोटे किसान और मजदूर कॉर्पोरेट सेक्टर की मनचाही शर्तों के आगे विवश हैं, काम के घंटे( working Hours) और काम के दिन(working days) के समझौते तोड़े जा रहे हैं,गिग वर्कर्स समय पर पैकेट पँहुचाने के लिए सड़कों पर जान से खेल रहे हैं; – ‘मंथन’ फिल्म में व्यक्त सामुदायिकता का विचार एक बेहतर विकल्प प्रतीत होते हैं। ये वंचित और समाज में आर्थिक स्तर पर सबसे निम्न वर्ग को आपसी सहयोग और एकजुटता का महत्व बताती है। कबीर, तुलसी और प्रेमचंद की रचनाओं की तरह श्याम बेनेगल की यह कृति न्याय और समानता के प्रश्न पर बहस उत्पन्न करती है।
इस बरस यह फिल्म 50 वर्ष पूर्ण कर रही है। यह फिल्म का रजत जयंती वर्ष है। पचास साल पहले के विचार और स्वप्न आज भी यथावत है। इस अवसर पर फिल्म अपनी निर्माण और प्रस्तुति की बारीक डिटेलिंग में प्रवेश करने का आमंत्रण दे रही है। कह रही है कि पचास साल बाद भी वहीं का वहीं हूँ। सिर्फ सामंती वर्चस्व की जगह वैश्वीकृत कॉर्पोरेट का एकाधिकारवादी वर्चस्व आ गया है। आपके समक्ष विकल्प है कि या सामुदायिकता और आपसी सहयोग की भावना अपनाओ या फिर परिवारों द्वारा सामूहिक आत्महत्याएं तो हो ही रही हैं।
श्याम बेनेगल और उनकी पूरी टीम का आभार कि उन्होंने एक सहज और कलात्मक कथा के माध्यम से एक सामाजिक- सांस्कृतिक और राजनीतिक आत्म- चिंतन का अवसर दिया… एक व्यापक सामाजिक- आत्म-मंथन।
मनोज मल्हार
[i] Heide, William Van Der, Bollywood Babylon, page 1 , Berg,Oxford , New York, edition : 2006
[ii] ये दोनों फिल्म स्टुडियो स्वतंत्रता – पूर्व बॉलीवुड में सामाजिक- संदेश प्रधान एवं आधुनिक मूल्यों की ओर झुकाव रखने वाली फिल्में निर्मित करने के लिए जानी जाती हैं।
[iii] उपरोक्त
[iv] ‘मंथन’ फिल्म से
[v] उपरोक्त
[vi] ऊपरोक्त
[vii] खेड़ा जिले में को- आपरेटिव स्थापित करने की प्रक्रियाओं पर आधारित श्याम बेनेगल द्वारा निर्मित डाक्यूमेंटरी फिल्म
[viii] Page 75
[ix] Page no. 63, Sengupta, Arjun, shyam benegal film maker of real india Niyogi bookas, 2024 edition

डॉ. मनोज कुमार
असिस्टेंट प्रोफेसर , हिंदी विभाग , कमला नेहरू कॉलेज ( दिल्ली विश्वविद्यालय
भारतीय साहित्य, हिंदी आलोचना, हिंदी सिनेमा में विशेष रूचि
समालोचन, जानकी पुल ,जनसत्ता, प्रभात खबर , हंस , कथादेश, आलोचना , गगनांचल , परिंदे, विश्वरंग आदि पत्र -पत्रिकाओं में पुस्तक समीक्षा , फिल्म समीक्षा, लेख एवं कवितायें प्रकाशित.
ईमेल : mkumar@knc.du.ac.i