कविता

अनुराधा ओस की नौ कविताएँ

1    साथ –

पेड़ में लगा गूलर का फूल
जैसे नेनुआ के फूल

किसी छप्पर पर बैठे
उजास से भर देते हैं

जैसे दिसंबर की ठंड में एक टुकड़ा धूप
कलाई पर बंधी घड़ी

समय तो नहीं बदल सकती
लेकिन बीतता  समय जरुर बताती है

जैसे किसी घने जंगल में
कच्चा रास्ता

मंजिल तक पंहुचा देता है
वसे ही तुम्हारा साथ

तुम्हारा मजबूत हथेलियों का साथ 
जगनुओं की पीठ पर बंधी लालटेन

की तरह है।।

2–

घर के पीछे —
घर के पीछे

 घनी अमराइयां

दीमक लगने की वजह से 
सूख गयीं

उग गई हैं 

उनकी जगह 
कांटेदार झाड़ियां

उन पेड़ो से लिपट कर 
बेले की लताएँ

न जाने कहाँ बिला गईं

रात को बेले की खुशबू जब
दूर तक महमहाती तब हम

साँसे खींच कर

भर लेते थे अपने भीतर
और वहीं पर लगे 
बैजंती के नारंगी फूल

शायद समा गए 
धरती की गोद में

अब वहां नहीं है ये सब

धीरे-धीरे गायब हो रहीं हैं
हमारी हमारी प्रिय चीजें

हमारे आस-पास से।।

3–

जब लिखतीं हूँ–

जब लिखतीं हूँ तुम्हारी बात

 एक नदी  छलकती है
पूरे सौंदर्य के साथ

जब लिखती हूँ पानी की बात

कुछ फूल बिखरने लगते हैं

जब लिखतीं हूँ तुम्हारी बात

चलने लगती है हवा मद्धम

जब लिखतीं हूँ आँचल की बात

तकली के ताने बाने बुनतें है मन

जब लिखती हूँ

तुम्हारे हाथों की बात ।

4–

कछार–

मैं बनना चाहती हूँ

सोन नदी की कछार से लगी

तपती हुई पहाड़ी

उस प्रस्तर को भेद कर

निकलता कोई फूल

जो पर्वत की हथेलियों पर

गोदने की तरह उकेरा गया हो

किसी नरम सांझ की

हथेलियों पर टिके

सूरज को छूना चाहती हूँ

पलाश के प्रेमिल फूल 

धूसर मिट्टी को चूमते हैं

चेहरे पर सांध्य किरण की

नरमाई को उतार लेना चाहती हूँ

देखना चाहती हूँ

प्रतिबिंब नदी के दर्पण में

वहीं कहीं खिलना चाहती हूँ

पत्थरों को तोड़कर

 निकलते फूल की तरह

शब्दों की हांडी को

माँज कर कछार पर

 धर देना चाहती हूँ

 किसी कविता में।।

5– नमक चेहरे का –

नमक और हल्दी के साथ

 कब घुल जाती हैं 

  अचार में औरतें

उन्हें पता भी नही चलता

और जब तक वे

जान पाती हैं

तब तक जाने कितनी

निगाहें चटकारा लेकर

उनके नमक को

सोख लेतीं हैं ।।

6– नमक प्रेम का–

सिर्फ़ दो हाथ नहीं 

दो आंखे भी सहला रही हैं 

चुपचाप तुम्हारी पीठ

और हथेलियों में तुम्हारा  पसीना

उस समय मेरी हथेलियों

किसी सोखते में बदल जाना चाहती थीं

और सोख लेना चाहती थी

नमक तुम्हारे प्रेम का।।

7–

आकाश में इंद्रधनुष था

उसके ठीक नीचे

आंखे 

उसमें इंद्रधनुष ने 

अपने रंग भर दिए 

और

इन आंखों में ख़्वाब तैरने लगे ।।

8–

बहुत रिस्क है अपने होने में–

 तमाम असहमतियों के बीच से 

खुद को साबुत बचा लेना

किसी को ना बोल कर

उसकी  उसकी नाराज़गी

को स्वीकृति देते हुए आगे बढ़ जाने में

अगर रिस्क है 

तो जरूर लेना चाहिए।।

9–

कहां होंगी 

वो लडकियां 

जो साथ में पढ़ती थीं

 जिनका ब्याह 

बहुत कम उम्र में कर दिया गया था

बहुत खुश थीं

ब्याह के सलोने सपने में खो कर

अनदेखे साजन की बातें कर के

क्या अब भी खुशी की कोई किरन

अनायास कौंधती होगी 

उनके होंठों पर

क्या अब भी उनके चेहरे लाल हो जाते होंगे

किसी प्यारी बात पर?

या रोटी पानी ,बाल बच्चे ,पति नातेदारी निभाते निभाते 

उनकी शक्ल में उतर आती होगी किसी बुजुर्ग औरत का अक्स ।।

संप्रति – स्वतंत्र लेखन

             संपर्क

सरस्वती विहार कॉलोनी ,भरूहना

जिला-मीरजापुर-231001 (उत्तर प्रदेश)

ई मेल : anumoon08@gmail.com

About author

Articles

अनुराधा ओस जन्म :मीरजापुर जनपद, उत्तर प्रदेश। शिक्षा : हिन्दी साहित्य में स्नातकोत्तर, 'मुस्लिम कृष्ण भक्त कवियों की प्रेम सौंदर्य दृष्टि' पर पीएच. डी.। प्रकाशन :हंस, वागर्थ, आजकल, अहा! जिंदगी, वीणा, लमही,समकाल,बनास जन ,स्त्री लेखा,दोआबा,पाखी,समय संज्ञान, पंजाबी पत्रिका:राग,समय साक्ष्य,भाषा, हिम्प्रस्थ ,समकालीन स्पंदन, सोच विचार, उत्तर प्रदेश पत्रिका,अभिनव मीमांसा, दी अंडरलाईन ,राजस्थान पत्रिका,विपाशा, अभिनव प्रयास, कथा बिंब,पिक्चर प्लस ,पाठ, ,न्यूज 18,दैनिक जागरण आदि में तथा 'हौसला' 'बिजूका' एवं 'मेरा रंग' हस्तांक ब्लॉग पर कविताएँ प्रकाशित। संपादित किताब आँचलिक विवाह गीतों के संग्रह 'मड़वा की छाँव में'पर लघु शोध किया जा रहा है। सांस्कृतिक पुनर्निर्माण मिशन कोलकाता द्वारा ,आयोजित स्त्री सम्ममिलन के 29 वें हिंदी मेला में कविता पाठ। स्त्री दर्पण पर पच्चीस समकालीन कवयित्रियों की कविताओं का श्रृंखला बद्ध पाठ, एवं यूट्यूब पर कविताओं की सीरीज। सुचेता ब्लॉग पर कविताएँ। स्त्री दर्पण पर कविताएँ । समकालीन जनमत पर कविताएं । समता मार्ग पर कविताएं । हिंदवी पर कविताएं । कविता कोश पर कविताएं। स्त्री दर्पण मंच,गाथान्तर ,जन सरोकार मंच टोंक पर साक्षात्कार। पुरवैया मंच ,डाइस, जन सरोकार, संवाद हिंदी श्री पर कविता पाठ। भोजपुरी, कन्नड़,अंग्रेजी ,पंजाबी में कविताओं का अनुवाद। प्रसारण : आकाशवाणी वाराणसी केंद्र और लखनऊ दूरदर्शन से कविताओं का प्रसारण। काव्यकृति: कविता संग्रह 'ओ रंगरेज', 'वर्जित इच्छाओं की सड़क' प्रकाशित. आंचलिक विवाह गीतों का संकलन 'मड़वा की छाँव में' प्रकाशित। संपादन: शब्दों के पथिक साझा संकलन ,मशाल सांझा संकलन। सम्मान : परिवर्तन संस्था द्वारा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा सम्मानित। अमर उजाला का 'अपराजिता 'सम्मान । सम्प्रति : स्वतन्त्र लेखन। सम्पर्क: सरस्वती विहार कॉलोनी, भरुहना जिला-मीरजापुर-231001 (उत्तर प्रदेश) ई मेल : anumoon08@gmail.com
Related posts
कविता

शंकरानंद की सात कविताएं

१.इतना शोर सुनना इच्छा पर निर्भर करता…
Read more
कविता

Buried, But Breathing

four poems by Prosenjit Nath Today’s post feature four poems under the title Buried, But…
Read more
कविता

रजत रानी मीनू की तीन कवितायेँ

1.वे जानते हैं वे जानते हैंअनजान नहीं…
Read more

6 Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *